home page

विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर जिलाधिकारी सख्त

 | 
विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर जिलाधिकारी सख्त


औरैया, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय सभागार में सोमवार को जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, आवागमन और मध्यान्ह भोजन सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसरों एवं छतों की नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था केवल निरीक्षण के समय नहीं, बल्कि नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों को लेकर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे भवनों का तत्काल परीक्षण कराकर उन्हें निष्प्रयोज्य अंकित कराया जाए तथा नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द पूरी की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार का जोखिम न रहे।

डीएम ने सभी परिषदीय विद्यालयों तक सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए रास्ते की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। विद्यालयों में शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, उनकी उपयोगिता बनाए रखने तथा पर्याप्त एवं निरंतर जलापूर्ति पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में मध्यान्ह भोजन योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता, स्वच्छता और सुरक्षित तरीके से तैयार किए जाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। भोजन बनाने और परोसने के दौरान स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की निगरानी करें।

उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार