home page

औरैया : डीएलएड परीक्षा में 1523 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 187 रहे अनुपस्थित

 | 
औरैया : डीएलएड परीक्षा में 1523 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 187 रहे अनुपस्थित


सात केंद्रों पर तीसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से कड़ी निगरानी के बीच कराई गई परीक्षा

औरैया, 23 सितंबर (हि.स.)। परीक्षा नियामक प्राधिकारी उत्तर प्रदेश प्रयागराज के निर्देश पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के पर्यवेक्षण में डीएलएड प्रथम सेमेस्टर 2025 की परीक्षाएं बुधवार को तीसरे दिन जिले के सात निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कराई गईं। तृतीय पाली में डीएलएड 2025 के अष्टम प्रश्नपत्र कंप्यूटर शिक्षण की परीक्षा हुई। निर्धारित व्यवस्थाओं और कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई।

इस दौरान डाइट प्राचार्य कपूर सिंह परिहार, वरिष्ठ प्रवक्ता डाइट उदय नारायण कटियार और डाइट से अजय तोमर ने जनता इंटर कॉलेज ककोर और तिलक इंटर कॉलेज औरैया में चल रही परीक्षा का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

बुधवार को नवीन 2025 बैच के 1380 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 1254 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 126 अनुपस्थित रहे। वहीं बैक पेपर के तहत 2024 बैच के 310 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 258 ने परीक्षा दी और 52 अनुपस्थित रहे। 2023 बैच के 16 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 11 उपस्थित रहे, जबकि पांच अनुपस्थित रहे। 2022 बैच के चार पंजीकृत अभ्यर्थियों में कोई भी परीक्षा देने नहीं पहुंचा।

इस प्रकार 2025, 2024, 2023 और 2022 बैच को मिलाकर कुल 1710 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 1523 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 187 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज करने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षा कराई गई।

डाइट प्राचार्य कपूर सिंह परिहार ने बताया कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी के निर्देशों के अनुरूप जिले के सभी सात केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था प्रभावी रखी गई है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के प्रत्येक चरण में अभ्यर्थियों की उपस्थिति और अन्य आवश्यक अभिलेख निर्धारित प्रक्रिया के तहत संकलित किए जा रहे हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को भी नियमानुसार सुरक्षित कराया जा रहा है। तीसरे दिन की परीक्षा सभी निर्धारित केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार