home page

देवकली धाम में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

 | 
देवकली धाम में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक


औरैया, 17 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बीहड़ क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध देवकली धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार सुबह से ही शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर होते ही दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यमुना नदी से जल लेकर देवकली धाम पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक किया। वहीं कांवड़ियों की टोलियां भी मंदिर पहुंचीं और शिवलिंग पर जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। कांवड़ियों के पहुंचने से मंदिर परिसर में विशेष उत्साह देखने को मिला।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर के अलावा आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस की भी तैनाती की गई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों की निगरानी में श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार