औरैया : तालाब की जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों से कब्जा मुक्त कराई भूमि
औरैया, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कस्बे में तालाबों को उनके पुराने स्वरूप में लौटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को तलब की जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
तहसील प्रशासन ने पुराने मुगल रोड किनारे विद्या टाकीज के समीप स्थित गाटा संख्या 264 के तालाब की जमीन से वर्षों पुराना अतिक्रमण हटवाकर भूमि खाली कराई गई।
प्रशासन की कार्रवाई की सूचना मिलते ही फल, सब्जी, चाट-पकौड़े, चाय-पानी और होटल संचालित करने वाले दुकानदारों में खलबली मच गई। कई दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेटते नजर आए। कुछ दुकानदारों ने अधिकारियों से मोहलत मांगी, जिसके बाद उन्होंने स्वयं अपनी दुकानें और सामान हटाना शुरू कर दिया।
मिशन समाधान के तहत तहसीलदार अविनाश कुमार, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रदीप कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार और भारी पुलिस बल जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद दुकानों को हटवाया गया। इसके बाद जेसीबी से तालाब की भूमि पर किया गया भराव और स्थायी अतिक्रमण हटाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।
बताया गया कि पुराने मुगल रोड के किनारे स्थित होने के कारण तालाब की जमीन पर धीरे-धीरे मिट्टी आदि का भराव कर अतिक्रमण कर लिया गया था। यहां लंबे समय से कई तरह की दुकानें संचालित हो रही थीं, जिससे तालाब का मूल स्वरूप लगभग समाप्त हो गया था।
नगर के तालाबों को उनके पुराने स्वरूप में लाने की मांग के बाद उपजिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत ने हाल ही में कस्बे के तालाबों का निरीक्षण किया था। इसके बाद अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद उक्त कार्रवाई की गई।
तहसीलदार अविनाश कुमार ने बताया कि तालाबों को उनके पुराने स्वरूप में लाने के लिए अभियान जारी है। गाटा संख्या 264 की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर नगर पंचायत को सौंप दिया गया है। अन्य तालाबों पर भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

