home page

औरैया : सांड़ से बचने के लिए भागा किसान तालाब में गिरा, मौत

 | 
औरैया : सांड़ से बचने के लिए भागा किसान तालाब में गिरा, मौत


-दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में मचा कोहराम

औरैया, 11 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद बिधूना कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत उड़ेलापुर के मजरा पुरवा भदौरिया में खेतों की रखवाली करने गए 40 वर्षीय किसान की सांड़ से बचने के दौरान तालाब में गिरकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने उसे तालाब से बाहर निकालकर परिजनों की मदद से बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

पुरवा भदौरिया निवासी दीपू सिंह उर्फ पुष्पेंद्र पुत्र भगवान सिंह शनिवार शाम करीब सात बजे अपने खेतों की रखवाली करने गया था। इसी दौरान खेत के आसपास घूम रहे एक सांड़ ने उसे दौड़ा लिया। सांड़ से बचने के लिए दीपू तेजी से भागने लगा और वह खेत के सामने स्थित तालाब में जा गिरा। युवक के तालाब में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तालाब में उतरकर उसकी तलाश शुरू की और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाल लिया।

इसके बाद परिजन दीपू को तत्काल बिधूना सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी रंजना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

दीपू छह भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी रंजना, 12 वर्षीय बेटा देवा और आठ वर्षीय बेटी जागृति हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले दीपू की मौत से परिजनों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर अछल्दा ब्लॉक प्रमुख शरद कुमार राना ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

सूचना पर क्राइम इंस्पेक्टर अनिल कुमार त्रिपाठी और रुरुगंज चौकी इंचार्ज अजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार