बूथ सम्मेलन की सफलता के लिए भाजपा ने बनाई रणनीति
22 जुलाई को जिले की तीनों विधानसभाओं में होंगे बूथ सम्मेलन।
औरैया, 17 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए शुक्रवार को जिला कार्यालय तुर्कीपुर में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों की बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने की, जबकि मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी आनंद सिंह रहे।
बैठक में 22 जुलाई को जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले बूथ सम्मेलनों की सफलता के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इस दौरान बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सम्मेलन को सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि आनंद सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत की आधारशिला बूथ स्तर पर मजबूत संगठन से ही रखी जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ जीतो, चुनाव जीतो का मंत्र देते हुए बूथ समितियों की समीक्षा की और उनकी सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को जिले की तीनों विधानसभाओं में एक साथ बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से प्रत्येक बूथ पर बैठकें कर सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता लाभान्वित हो रही है और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने का माहौल है।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, मनु राजपूत, योगेंद्र कैथवार, भूरे चौबे, इंद्रपाल पाल, मंजू चौहान, प्रतीक सिंह, आशीष दुबे, आदर्श ठाकुर, मोनू सेंगर, वासुदेव प्रजापति, सुनील वाल्मीकि, कुंअर सिंह बाथम, कौशलेंद्र कुशवाहा, रामजी वाजपेई, सर्वेंद्र भदौरिया, शिवेंद्र राजपूत, अवध चतुर्वेदी, दीपक कश्यप, संदीप शाक्य, राजवर्धन सिंह, हरपाल सिंह, आशीष कठेरिया, सौरभ राजपूत, जगमोहन सिंह चौहान, श्याम महेश मिश्रा व स्वदेश पाल सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

