home page

औरैया: सराय बिहारीदास बनेगा 100 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड वाला गांव

 | 
औरैया: सराय बिहारीदास बनेगा 100 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड वाला गांव


विजन आई केयर सेंटर ने लिया गोद, घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों के बनाए जाएंगे कार्ड

औरैया, 17 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए विजन आई केयर सेंटर फफूंद ने सराहनीय पहल की है। राज्य एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) के दिशा-निर्देशों के तहत नेत्र चिकित्सा संस्थान ने क्षेत्र के सराय बिहारीदास गांव को गोद लिया है। संस्थान का उद्देश्य गांव के सभी पात्र नागरिकों के आयुष्मान भारत कार्ड बनवाकर उन्हें सरकार की निश्शुल्क उपचार योजना से जोड़ना है।

अस्पताल संचालक डॉ. शादाब मुईन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक आयुष्मान संबद्ध निजी अस्पताल को एक गांव गोद लेकर वहां शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने का लक्ष्य दिया गया है। इसी क्रम में विजन आई केयर सेंटर ने सराय बिहारीदास गांव का चयन किया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अस्पताल की विशेष टीमें गांव में चौपाल लगाने के साथ ही घर-घर जाकर पात्र परिवारों की जानकारी जुटाएंगी। जिन लोगों के अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड बनवाने में टीम सहयोग करेगी। ग्रामीणों को योजना के लाभ और पात्रता की जानकारी भी दी जाएगी।

डॉ. शादाब मुईन ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल आयुष्मान कार्ड बनवाना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। अभियान के दौरान गांव के लोगों की आंखों की निश्शुल्क जांच भी की जाएगी। मोतियाबिंद समेत आंखों से संबंधित अन्य बीमारियों की पहचान कर पात्र मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

अस्पताल की इस पहल से सराय बिहारीदास के पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के उपचार कवर का लाभ मिल सकेगा। ग्रामीणों ने विजन आई केयर सेंटर की पहल का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार