home page

औरैया रिजर्व पुलिस लाइन में लगा बामा वैलनेस कैंप, पुलिस कर्मियों को सिखाई स्वस्थ रहने की कला

 | 
औरैया रिजर्व पुलिस लाइन में लगा बामा वैलनेस कैंप, पुलिस कर्मियों को सिखाई स्वस्थ रहने की कला


औरैया, 05 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की गतिविधियों के अंतर्गत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन औरैया में उत्तर प्रदेश पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन एवं बामा वैलनेस कैंप के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रतिसार निरीक्षक पारस चौधरी की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

शिविर में होम्योपैथिक चिकित्सा प्रभारी डॉ. परवीन एवं वरिष्ठ योग प्रशिक्षक व योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को होम्योपैथिक दवाओं का वितरण किया तथा बिना जांच और दवाइयों के स्वस्थ रहने की उपयोगी विधियां बताईं।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि भीषण गर्मी और अनियमित दिनचर्या के कारण शरीर में कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। उन्होंने अतिसार, उल्टी और गर्मी जनित रोगों से बचाव के लिए पेट पर प्रतिदिन 20 मिनट तक ठंडी पट्टी रखने की सलाह दी। साथ ही अत्यधिक ठंडे पानी और कृत्रिम शीतल पेयों से दूरी बनाकर रखने को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया।

उन्होंने कहा कि नियमित योग, संतुलित आहार और प्राकृतिक चिकित्सा अपनाकर बिना दवाओं के भी शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है। शिविर में पहुंचे पुलिस कर्मियों, महिलाओं एवं बच्चों को सही खानपान, दिनचर्या और शारीरिक गतिविधियों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके अलावा गलत खानपान एवं गलत तरीके से उठने-बैठने के कारण रीढ़ और कूल्हों में होने वाले दर्द से बचाव के उपाय भी बताए गए। योग प्रशिक्षक ने उपस्थित लोगों को सही मुद्रा में बैठने और खड़े होने के तरीके समझाए तथा गर्म-ठंडी लपेट चिकित्सा की जानकारी दी।

शिविर में करीब एक सैकड़ा लोगों ने भाग लिया। इस दौरान नितिन राजपूत एवं पुष्पेंद्र राजपूत ने दवा वितरण में सहयोग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार