home page

गांव-गांव पहुंची पशु सुरक्षा मुहिम, गला घोटू बीमारी से बचाव को लगाए गए टीके

 | 
गांव-गांव पहुंची पशु सुरक्षा मुहिम, गला घोटू बीमारी से बचाव को लगाए गए टीके


औरैया, 26 जून (हि. स.)। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर ब्लॉक क्षेत्र के गांव असेवा, असेवटा, बबाईन और कैथौली में गला घोटू (एचएस) रोग से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। राजकीय पशु चिकित्सालय बबाईन की ओर से आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का टीकाकरण कराया।

अभियान का संचालन चिकित्सा प्रभारी डॉ. सौरभ भारती के दिशा-निर्देशन में किया गया। इस दौरान पैरावेट राजबीर सिंह एवं वैक्सीनेटर अंशु दुबे ने गांव-गांव पहुंचकर पशुओं को वैक्सीन लगाई और पशुपालकों को बीमारी से बचाव संबंधी जानकारी भी दी। टीम ने पशुपालकों को बताया कि गला घोटू बीमारी बरसात के मौसम में तेजी से फैलती है, जिससे पशुओं में बुखार, सांस लेने में तकलीफ और गर्दन में सूजन जैसी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। समय पर टीकाकरण न होने पर पशुओं की मौत तक हो सकती है।

डॉ. सौरभ भारती ने बताया कि शासन के निर्देश पर पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का नियमित टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि बीमारी फैलने की संभावना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पशु ही पशुपालकों की आर्थिक मजबूती का आधार हैं।

टीकाकरण अभियान के दौरान पशुपालकों में जागरूकता भी देखने को मिली। ग्रामीणों ने पशु चिकित्सा विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में पहुंचकर टीकाकरण किए जाने से उन्हें काफी सुविधा मिल रही है। कई पशुपालकों ने बताया कि पहले जानकारी के अभाव में पशुओं में बीमारी फैल जाती थी, लेकिन अब विभाग की सक्रियता से पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।

पशु चिकित्सा विभाग ने आगामी दिनों में अन्य गांवों में भी इसी प्रकार का टीकाकरण अभियान चलाए जाने की जानकारी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार