औरैया : अग्निवीर विनोद यादव की 44 दिन बाद गांव पहुंची अस्थियां, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
औरैया, 26 सितंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली में 14 अगस्त को आई बाढ़ में लापता हुए उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के सराय अमिलिया गांव निवासी अग्निवीर विनोद यादव की 44 दिन बाद पहचान हुई। डीएनए जांच रिपोर्ट के आधार पर शिनाख्त की पुष्टि होने के बाद शनिवार को सेना के जवान उनकी अस्थियां लेकर पैतृक गांव पहुंचे। अस्थियां देखते ही मां सुनीता देवी, पिता महेंद्र यादव और छोटे भाई अभिषेक यादव का रो-रोकर बेहाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पिछले दो दिनों से गांव में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने वीर सपूत (जवान) को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सेना के जवानों ने पुष्पचक्र अर्पित कर विनोद यादव की अस्थियों पर श्रद्धांजलि अर्पित की। महिला-पुरुषों ने नम आंखों से उन्हें नमन कर परिजनों को ढांढस बंधाया। बारिश के बीच भी श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ जुटी रही और माहौल गमगीन बना रहा।
14 अगस्त को बाढ़ में लापता हुए थे पांच जवान
बीते माह 14 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले के पाशु पानी स्थित आर्मी कैंप क्षेत्र में भारी बारिश और बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई थी। तेज बहाव में सेना के दो शेल्टर बह गए। हादसे में सात जवान बाढ़ की चपेट में आए थे। इनमें दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 5वीं ग्रेनेडियर में तैनात विनोद यादव समेत पांच जवान लापता हो गए थे।
हादसे के बाद सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। बरामद अवशेषों की डीएनए जांच के बाद 26 सितंबर को विनोद यादव की पहचान की पुष्टि हुई।
विनोद यादव की अस्थियां गांव पहुंचने पर उपजिलाधिकारी अजीतमल विनोद कुमार मीणा, तहसीलदार अविनाश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह परिहार और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर जवान को श्रद्धांजलि दी और परिजनों को सांत्वना दी। 44 दिनों तक बेटे के सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिवार के लिए यह पल बेहद पीड़ादायक रहा। दिबांग वैली हादसे में लापता अन्य जवानों की तलाश के लिए सेना का अभियान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

