home page

अछल्दा कस्बे में 175 साल पुराने जर्जर नहर पुल की जगह बनेगा नया टू-लेन पुल, पहले हटेगा अतिक्रमण

 | 
अछल्दा कस्बे में 175 साल पुराने जर्जर नहर पुल की जगह बनेगा नया टू-लेन पुल, पहले हटेगा अतिक्रमण


-175 साल पुराने जर्जर नहर पुल की जगह बनेगा नया टू-लेन पुल

-अछल्दा में पुल निर्माण की तैयारी तेज, 3.15 करोड़ रुपये स्वीकृत, 150 कब्जेदारों को नोटिस

औरैया, 18 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा कस्बे में करीब 175 साल पुराने जर्जर नहर पुल की जगह अब नया टू-लेन पुल बनाया जाएगा। पुल निर्माण को लेकर सिंचाई विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परियोजना के लिए 3.15 करोड़ रुपये की धनराशि पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सिंचाई विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

सिंचाई विभाग की अधिशासी अभियंता अलका सिंह के अनुसार सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जा करने वाले करीब 150 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस के माध्यम से कब्जेदारों को 15 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कब्जे से संबंधित अभिलेखों के साथ सात अक्टूबर को विभाग के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद अछल्दा में लंबे समय से जर्जर पुल की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

बताया गया कि मौजूदा नहर पुल काफी पुराना होने के कारण जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। आवागमन की दृष्टि से भी पुल महत्वपूर्ण है। नया पुल बनने के बाद इस मार्ग पर वाहनों के आवागमन को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नए पुल का निर्माण बॉक्स कल्वर्ट तकनीक से कराया जाएगा। इसके लिए नहर क्लोजर मिलने का इंतजार किया जा रहा है। नहर क्लोजर मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

विभाग ने निर्माण से पहले जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

करीब 150 कब्जेदारों को नोटिस जारी किए जाने से अछल्दा कस्बे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर हलचल बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार निर्धारित अवधि में अतिक्रमण न हटाने वालों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। नए टू-लेन पुल के निर्माण से कस्बे में आवागमन सुगम होने के साथ जर्जर पुल की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार