home page

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत

 | 
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत


औरैया, 30 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना जनेतपुर नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक ढाबा के सामने हुई, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पैदल जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 9 बजे मिली। जांच में मृतक की पहचान नारायणपुर निवासी इसरार उर्फ डेनी (लगभग 50 वर्ष), पुत्र मो. साफी के रूप में हुई है। बताया गया कि इसरार हाईवे किनारे बाजार में बड़ी गाड़ियों में ग्रीसिंग का कार्य करते थे और हादसे के समय पैदल जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इटावा से कानपुर की ओर जा रही एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि इसरार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घायल को आनन-फानन में उपचार के लिए 50 शैय्या अस्पताल, औरैया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे माहौल गमगीन हो गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

इस संबंध में औरैया कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी बाइक चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार