home page

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

 | 

औरैया, 20 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र में बिधूना-बेला मार्ग पर हरदू मोड़ अग्निशमन केंद्र के पास शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

जालौन जिले के माधौगढ़ थाना क्षेत्र के कुदारी गांव निवासी हितेंद्र सिंह हिंदुस्तान पेट्रोलियम में कार्यरत थे। शनिवार रात वह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान हरदू मोड़ अग्निशमन केंद्र के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हितेंद्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बेला थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार