home page

अश्लील गाना बजाने का विरोध करने पर मां-बेटी पर हमला, छात्रा ट्रामा सेंटर रेफर

 | 
अश्लील गाना बजाने का विरोध करने पर मां-बेटी पर हमला, छात्रा ट्रामा सेंटर रेफर


मीरजापुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव में रविवार देर शाम अश्लील गाना बजाने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। विरोध करने पर दबंग युवक ने अपने परिजन के साथ मिलकर मां-बेटी पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन घायल मां-बेटी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार कक्षा 10 की छात्रा संजना यादव (17) के पिता ओमप्रकाश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार शाम पड़ोसी मनोज यादव अपने घर में अश्लील गीत बजा रहा था। जब उनकी बेटी संजना ने इसका विरोध किया, तो मनोज यादव अपने परिवार के साथ घर में घुस आया और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में संजना यादव और उसकी मां आशा यादव घायल हो गईं।

ओमप्रकाश यादव ने मनोज यादव, अंकित यादव, रामललित, सीमा यादव और मनीष यादव के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं, थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामला पुराना जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा