home page

ढोल-नगाड़ों संग उमड़ी आस्था, अठगवां गौड़ेर मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचे

 | 
ढोल-नगाड़ों संग उमड़ी आस्था, अठगवां गौड़ेर मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचे


मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी मां शीतला धाम में रविवार से शुरू हुए दो दिवसीय अठगवां (गौड़ेर) मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। वाराणसी, जौनपुर, भदोही, चंदौली और सोनभद्र समेत पूरे पूर्वांचल से लाखों की संख्या में श्रद्धालु “बधावा” लेकर मां के दरबार में पहुंचे।

वैशाख माह के प्रथम रविवार को आयोजित होने वाला यह पारंपरिक मेला सोमवार शाम तक चलेगा। मेले में करीब चार लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालु ट्रैक्टर, बसों के साथ-साथ गंगा मार्ग से मोटरबोट और स्टीमर के जरिए भी अदलपुरा घाट पहुंचे। ढोल-नगाड़े, ताशा और डीजे की धुन पर नाचते-गाते भक्तों ने “जय मां शीतला” के जयघोष से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

रातभर घाटों पर ही रुककर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन किया और भोजन बनाकर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद भोर में गंगा स्नान कर श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे। मंगला आरती के बाद दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हुआ, जहां भक्तों ने हवन कुंड में विधि-विधान से पूजा कर “फ़रहरा” अर्पित किया। मेले की खास पहचान यह रही कि महिला व पुरुष भगत हाथों में दीपक और हरे बांस में फ़रहरा लेकर मां का जयघोष करते हुए मंदिर पहुंचे। कई महिला श्रद्धालु दंडवत करते हुए मां के दरबार तक पहुंचीं, जो आस्था और भक्ति का अद्भुत उदाहरण बना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा