ग्रामीणों की शिकायत - नल हैं, पानी नहीं पर सख्त हुईं केंद्रीय अनुप्रिया पटेल, अधिकारियों को लगाई फटकार
मीरजापुर, 07 जून (हि.स.)। नल लगे हैं, लेकिन पानी की एक बूंद भी नहीं आती... ग्रामीणों की यह शिकायत सुनते ही केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अधिकारियों को तत्काल तलब कर लिया। जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीणों की पीड़ा सुनकर मंत्री ने मौके पर ही जल निगम और पंचायत विभाग के अधिकारियों से फोन पर जवाब मांगा और कड़ी नाराजगी जताई।
रविवार को भरुहना स्थित सरदार पटेल चौराहा के सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में ग्राम पंचायत नौहा के लखौली गांव के लोगों ने अपनी समस्या रखी। ग्रामीणों ने बताया कि हर घर में नल कनेक्शन तो लगा दिए गए हैं, लेकिन आज तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। हालत यह है कि गांव के लोग आज भी पेयजल के लिए भटकने को मजबूर हैं, जबकि पंचायत के अन्य हिस्सों में पानी की आपूर्ति हो रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने न तो गांव का निरीक्षण किया और न ही समस्या के समाधान की कोई पहल की।
मामले को गंभीर मानते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अधिशासी अभियंता जल निगम और जिला पंचायत राज अधिकारी से तत्काल दूरभाष पर बातचीत कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को 48 घंटे के भीतर गांव का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सात दिनों के अंदर जलापूर्ति शुरू कराने का निर्देश दिया।
मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में लापरवाही सामने आई तो संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान भाजपा और अपना दल (एस) के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

