पोषण मेले में सजे स्टाल, योजनाओं की जानकारी के साथ हुआ अन्नप्राशन
मीरजापुर, 22 सितंबर (हि.स.)। चुनार स्थित नरायनपुर विकास खंड सभागार में चल रहे सात दिवसीय पोषण मेले के पांचवें दिन मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि चुनार विधायक अनुराग सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास और पेंशन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि पात्र लाभार्थी उनका लाभ ले सकें। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशाओं से अपने क्षेत्र में लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने की बात कही।
कार्यक्रम में बाल विकास, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए। इन पर संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। विधायक ने स्टालों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से धात्री महिलाओं साहिना बानो और छाया विश्वकर्मा की गोदभराई कराई गई। दो बच्चों का अन्नप्राशन भी विधायक ने कराया।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि आलोक सिंह, जिला उपाध्यक्ष चिंतामणि मौर्य, मंडल अध्यक्ष मंगरू साहनी, एसडीएम अनेग सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश पटेल, बीडीओ रामराज कुशवाहा, महामंत्री अभिलाष राय, मुख्य सेविका कुमुद विश्वकर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

