home page

अंजनेय धाम में हनुमान जयंती पर सवा कुंतल लड्डुओं का लगा भोग

 | 
अंजनेय धाम में हनुमान जयंती पर सवा कुंतल लड्डुओं का लगा भोग


मीरजापुर, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विंध्याचल क्षेत्र के गैपुरा स्थित अंजनेय धाम में शनिवार को अंजनी नंदन हनुमान जयंती महोत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हनुमान जी को सवा कुंतल देसी घी के लड्डुओं का भोग लगाया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

अंजनी नंदन सेवा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृपाशंकर द्विवेदी ने बताया कि पिछले 22 वर्षों से महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था की परंपरा का प्रतीक बन चुका है। महोत्सव का शुभारंभ सुबह घोड़े, हाथी और गाजे-बाजे के साथ नगर परिक्रमा से हुआ। इस दौरान भगवान राम, लक्ष्मण और रामलीला के अन्य पात्रों की आरती उतारी गई।

स्थानीय कलाकारों ने भजन प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। गैपुरा रेलवे स्टेशन के उत्तर-पश्चिम स्थित भव्य मंदिर और धर्मशाला परिसर में आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा