home page

मीरजापुर : प्राथमिक विद्यालय परिसर में ही बनेगा आंगनबाड़ी केंद्र

 | 
मीरजापुर : प्राथमिक विद्यालय परिसर में ही बनेगा आंगनबाड़ी केंद्र


- एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, ग्रामीणों से बातचीत के बाद बनी सहमति

मीरजापुर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज क्षेत्र के पटेहरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण को लेकर ग्रामीणों की आपत्ति के बाद सोमवार को एसडीएम लालगंज अजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। ग्रामीणों से बातचीत के बाद परिसर में ही पूर्व निर्धारित स्थल पर आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराने पर सहमति बनी।

ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि, प्राथमिक विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र बन जाने से बच्चों के खेलकूद के लिए जगह कम हो जाएगी। इस पर एसडीएम ने बताया कि पुराने आंगनबाड़ी केंद्र का जर्जर भवन ध्वस्त कराने के बाद बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो जाएगी।

एसडीएम ने निर्माण कार्य करा रही कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को विद्यालय की बाउंड्रीवाल से सटाकर आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन से स्वीकृत केंद्र का निर्माण पहले से निर्धारित प्राथमिक विद्यालय परिसर में ही कराया जाएगा। कुछ ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में केंद्र बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी। निरीक्षण और बातचीत के बाद ग्रामीणों ने निर्माण पर सहमति दे दी है। इस दौरान थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, प्रधानाध्यापक देवेंद्र शुक्ला, लेखपाल ज्ञानेंद्र सिंह और दिनेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा