home page

एनआईटी कर्नाटक के दीक्षांत समारोह में अनन्या काे मिला गोल्ड मेडल, बढ़ाया जिले का मान

 | 
एनआईटी कर्नाटक के दीक्षांत समारोह में अनन्या काे मिला गोल्ड मेडल, बढ़ाया जिले का मान


- पर्यावरण इंजीनियरिंग में एमटेक की उपाधि के साथ मिला इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल, दीक्षांत समारोह में हुईं सम्मानित

मीरजापुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के रैकरी गांव की बेटी अनन्या सिंह ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कर्नाटक (एनआईटीके), सूरतकल से एमटेक इनवायरमेंटल इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। संस्थान के 24वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में उन्हें इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल, उपाधि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अनन्या ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई सेंट मेरी स्कूल मीरजापुर से पूरी की। इसके बाद मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी संस्थान गोरखपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। आगे की पढ़ाई के लिए गेट परीक्षा उत्तीर्ण कर एनआईटी कर्नाटक में एमटेक में प्रवेश लिया। यहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।

अनन्या के पिता अनिल कुमार सिंह 'ग्रीन गुरु' शांति निकेतन इंटर कॉलेज पचोखरा के प्रधानाचार्य हैं, जबकि मां विनीता सिंह मड़िहान स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापिका हैं। परिवार शहर के पटेल नगर स्थित जेपी पुरम कॉलोनी में रहता है। उनकी इस उपलब्धि पर नाना-नानी, माता-पिता, अनुराग सिंह, सीमा सिंह, विकास रंजन सिंह और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा