एएमयू छात्रसंघ चुनावः मोहम्मद नोमान अध्यक्ष और नसरा नईम उपाध्यक्ष निर्वाचित, 8 साल बाद हुए चुनाव
लखनऊ, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में स्थित अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में करीब आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित हुए। इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर मोहम्मद नोमान अशरफ और उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम ने जीत दर्ज की हैं। सचिव पद पर मोहम्मद हमदान मानद जीते हैं। खास बात यह है कि इस चुनाव में पहली बार किसी छात्रा ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, एएमयू के छात्रसंघ चुनाव में 05 नवंबर को 13 मतदान केंद्रों पर मतदान हुए। कैंपस के ही एबीके स्कूल में रातभर मतगणना हुई और 06 नवंबर को इसके परिणाम आए। इस चुनाव में इतिहास विभाग के शौधार्थी नोमान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतिखाब को 4,121 वोटों से हराकर जीत हासिल की।
उपाध्यक्ष पद के लिए लॉ की छात्रा नशरा नईम ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। इस पद के लिए कुल सात प्रत्याशी मैदान में थे। उनका साकिब अली के बीच काफी देर तक मुकाबल चलता रहा और अंत में 1,273 वोटों से जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है। साकिब को जहां 5,818 वोट मिले तो वहीं नशरा नईम ने 7,091 वोट पाये हैं। सचिव पद पर निर्वाचित हमदान ने अपने प्रतिद्वंदी हमराज को हराया है।
जीत दर्ज करने के बाद नोमान अशरफ ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 8 वर्षों के लम्बे संघर्ष के बाद आखिरकार हमें यह मौका मिला, यह बहुत खुशी का पल है। इस जीत के लिए सभी जीते प्रत्यशियों ने अपने समर्थकों का आभार प्रकट किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

