home page

चुनावी प्रक्रिया पर सवालों के बीच भाजपा बोली-तथ्यों के साथ रखें बात

 | 
चुनावी प्रक्रिया पर सवालों के बीच भाजपा बोली-तथ्यों के साथ रखें बात


मीरजापुर, 28 सितंबर (हि.स.)। निर्वाचन आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों से तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने की अपील की। बरौधा कचार स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में हुई प्रेस कांफ्रेंस में मतदाता सूची, फॉर्म-6 और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा गया।

लाल बहादुर सरोज ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची को लेकर उठाए गए सवालों पर आयोग समय-समय पर स्पष्टीकरण दे चुका है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत होती है। फॉर्म-6 को लेकर उठाए जा रहे सवालों के संबंध में भी निर्वाचन आयोग और न्यायालय के स्तर पर स्थिति स्पष्ट किए जाने की बात उन्होंने कही।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं के पूर्व के बयानों का उल्लेख करते हुए ईवीएम, राफेल विमान सौदे, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2022 की तवांग घटना से जुड़े सवालों का संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजनीतिक आरोपों के बजाय आधिकारिक रिकॉर्ड और प्रमाणित तथ्यों को सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार आरोप लगाने से जनता के बीच भ्रम की स्थिति बन सकती है। सार्वजनिक विमर्श में संवैधानिक प्रक्रियाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील की।

संचालन जिला मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा ने किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, जिला महामंत्री रविशंकर पांडेय, स्वामीनाथ सिंह, रतन कुमार सिंह, विजय शक्ति दुबे और शुभम जायसवाल मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा