home page

यूपी के अमन बने यूनिसेफ युवा के राष्ट्रीय सलाहकार, 6000 युवाओं में हुआ चयन

 | 
यूपी के अमन बने यूनिसेफ युवा के राष्ट्रीय सलाहकार, 6000 युवाओं में हुआ चयन


बागपत, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के ट्योढ़ी गांव के युवा अमन कुमार ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यूनिसेफ ने उन्हें भारत की शीर्ष युवा सलाहकार परिषद यंग पीपल्स एक्शन टीम (YPAT) में शामिल कर यूनिसेफ युवा का राष्ट्रीय सलाहकार नियुक्त किया है।

बागपत के जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने आज बताया कि उन्हें यूनिसेफ हाउस, नई दिल्ली की अधिकारी नम्रता गोगोई ने यह जानकारी दी है। भाटी के अनुसार देशभर से आए 6,000 से अधिक प्रस्तावों में से कड़े मूल्यांकन और इंटरव्यू के बाद अमन का चयन किया गया है। अमन वर्तमान में माय भारत के युवा स्वयंसेवक और इग्नू में समाज कार्य विषय के छात्र हैं। अब अमन नई दिल्ली में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम, कौशल विकास और श्रम मंत्रालयों व यूएन एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकों में शामिल होकर राष्ट्रीय युवा नीतियों को आकार देंगे। उनका लक्ष्य 2030 तक हर युवा को शिक्षा, कौशल और करियर से जोड़ना है।

अमन का सफर प्रेरणादायक है। अखबार बेचने और फैक्ट्री में मजदूरी से शुरू कर उन्होंने गांव के युवाओं के लिए अवसरों की कमी को महसूस किया। इसी सोच से उन्होंने उड़ान यूथ क्लब और कॉन्टेस्ट 360 प्लेटफॉर्म शुरू किया, जो अब 88 लाख से अधिक युवाओं को अवसरों से जोड़ रहा है। बागपत में उन्होंने सूचना सेतु, स्वीप बागपत और कांवड़ यात्रा ऐप जैसे डिजिटल नवाचार भी किए। अमन ने कहा, आपकी शुरुआत चाहे जहां से हो, आपकी उड़ान की कोई सीमा नहीं। उन्हें पूर्व में विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार और यूनिसेफ के कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी