संपत्ति विवाद में जहर देकर हत्या का आरोप, पति का शव लेकर महिला पहुंची जिलाधिकारी कार्यालय
जौनपुर,17 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में चंदवक थाना क्षेत्र के अइलिया गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार की शाम एक महिला अपने पति का शव टाटा मैजिक वाहन में रखकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गई और न्याय की गुहार लगाई। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति की संपत्ति विवाद के चलते जहर देकर हत्या की गई है।
पेशे से शिक्षिका संगीता सिंह ने जिलाधिकारी से मिलकर बताया कि उनके पति लक्ष्मण सिंह (54) की हत्या प्रॉपर्टी हड़पने की नीयत से की गई है। उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में पर्याप्त संपत्ति विवाद होने के बावजूद पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने महिला को निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लाइन बाजार थाने की पुलिस महिला और शव को अपने साथ थाने ले गई, जहां मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चंदवक थाना क्षेत्र के अइलिया गांव निवासी लक्ष्मण सिंह गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर में सोए हुए थे। देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गए। पत्नी संगीता सिंह उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी संगीता सिंह अइलिया प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। उनके दो बच्चे हैं—अमन सिंह (22) और अनुष्का सिंह (20)। अमन सिंह के अनुसार उनके पिता हाल ही में एक फौजदारी मुकदमे की पैरवी कर जौनपुर न्यायालय से लौटे थे और अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। इस मामले में जानकारी लेने पर थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

