home page

बेटियों की सुरक्षा का भरोसा देख प्रधानमंत्री मोदी बोले, योगी जी को 'थैंक्यू' बोलो

 | 
बेटियों की सुरक्षा का भरोसा देख प्रधानमंत्री मोदी बोले, योगी जी को 'थैंक्यू' बोलो


—वाराणसी में महिला कर्मचारी ने सुनाई गांवों की बदलती तस्वीर, प्रधानमंत्री ने सुरक्षित माहौल का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया

वाराणसी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बेटियों को घर से बाहर भेजने से पहले परिवार के मन में उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल होते हैं। वाराणसी की एक महिला कर्मचारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बता रही थी कि अब उसके गांव में यह चिंता कम होने लगी है। परिवार बेटियों को नौकरी के लिए बाहर भेजने को तैयार हैं। इसकी वजह बताते हुए उसने सुरक्षित माहौल का जिक्र किया। प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने लगी तो मोदी ने मुस्कुराकर बीच में ही कहा, 'तो योगी जी को थैंक्यू बोलो।' मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वहीं मौजूद थे। प्रधानमंत्री का जवाब सुनकर महिला मुस्कुरा उठी और बोली, 'थैंक्यू सर, सबको थैंक्यू सर।' तालियों के बीच हुआ यह छोटा सा संवाद महिला सुरक्षा को लेकर योगी सरकार के प्रयासों और गांवों में बढ़ते भरोसे को एक साथ सामने ले आया।

प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी में रविवार को अरविंद गारमेंट कंपनी की नई इकाई का उद्घाटन करने खोचवां पहुंचे थे। उद्घाटन के बाद उन्होंने यहां काम करने वाली महिलाओं से बातचीत की। इसी दौरान एक महिला कर्मचारी ने बताया कि कंपनी खुलने से रोजगार का अवसर तो मिला ही है, गांवों के परिवारों की सोच में भी बदलाव आ रहा है। अब वे चाहते हैं कि उनकी बेटियां घर से बाहर निकलें और काम करें। महिला ने इस बदलाव की एक बड़ी वजह कार्यस्थल पर मिलने वाली सुरक्षा को बताया।

'यहां सुरक्षा बहुत है, इसलिए घरवाले भेज रहे हैं'

महिला कर्मचारी ने प्रधानमंत्री से कहा, 'जब से ये कंपनी खुली है सर, अब गांव के भी लोग जागरूक हो गए हैं, हमें भी अपनी बेटी को बाहर निकालना है। इसलिए मैं कोटि-कोटि धन्यवाद करती हूं सर, कि हम बाहर इस कंपनी की वजह से निकलेंगे... क्योंकि यहां सुरक्षा बहुत है, तो हमारे परिवार के लोग जो हैं...'

महिला अपनी बात पूरी करती, उससे पहले ही प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी की ओर संकेत करते हुए कहा, 'तो योगी जी को थैंक्यू बोलो।' महिला ने भी बिना देर किए जवाब दिया, 'थैंक्यू सर, सबको थैंक्यू सर।'

इस बातचीत की खास बात यह रही कि महिला ने न तो किसी सरकारी योजना का नाम लिया और न ही कोई आंकड़ा गिनाया। वह अपने आसपास के परिवारों में आए बदलाव का अनुभव साझा कर रही थी। प्रधानमंत्री ने जब सुरक्षा की बात पर मुख्यमंत्री योगी का नाम लिया तो यह सहज संवाद कार्यक्रम का यादगार क्षण बन गया। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उक्त महिला कर्मी की बातचीत चर्चा में है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी