home page

भाजपा की कथनी और करनी में अंतर : अखिलेश यादव

 | 
भाजपा की कथनी और करनी में अंतर : अखिलेश यादव


भाजपा की कथनी और करनी में अंतर : अखिलेश यादव


लखनऊ, 07 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने मंहगाई कम करने की बात की थी। दूसरी तरफ टैक्स लगा रही है। गाड़ियों पर सरकार 60 से 70 प्रतिशत टैक्स वसूल रही है।आज ही 60 रुपये एलपीजी के दाम बढ़ा दिए हैं। इस सरकार में मुनाफाखोरी और भ्रष्टाचार महंगाई का कारण है। जब भाजपा सरकार जाएगी, तभी महंगाई घटेगी। यह बातें शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही। वे पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी में थर्मल प्लांट सबसे ज्यादा समाजवादी सरकार में लगे हैं। पिछले 10 साल में भाजपा बताए कि एक भी प्लांट इन्होंने लगाया हो। अखिलेश ने कहा कि ये सबसे भ्रष्ट सरकार है।

भाजपा के नए गाने पर कराएंगे केस

प्रेस कांफ्रेंस में गाना चलाया गया सपा के आवै दा सत्ता में, कट्टा सटा के उठा लेव घारा से..., को लेकर अखिलेश यादव ने नाराजगी जताई। बोले, बताओ क्या हम लोग ऐसा गाना बना सकते हैं? उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमारी पार्टी को बदनाम करने के लिए गाना बनाया है। भाजपा के नए गाने पर हम एफआईआर लिखाएंगे। उन्होंने कहा कि एफआईआर लिखने के बाद भी कोई पकड़ा नहीं जायेगा, गारंटी है।

सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग पर भी बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग झूठा है। उनसे ये पूछिए नन्द लाल का वोट बनवाने वाला कौन था? दस्तखत करने वाला कौन था? सपा ने शोर न मचाया होता तो ये हर विधानसभा में वोट काटते। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार, सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए काम करेंगे। इस दौरान अखिलेश ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोगों को बधाई दी।

यूपी में भाजपा सरकार ने तोड़े भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यूपी की भाजपा सरकार में बजट का 70 प्रतिशत लूट पाट में चला जाता है। 20 फीसदी ठेकेदार, शेष इंजीनियर/अधिकारी बजट को हड़प लेते हैं। पिछले 9 साल से सड़कों के गड्ढा भरने के नाम पर नई लूट स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क पर रहने वाले ट्रांसपोर्टर्स को सरकार लूट रही है।

भाजपा सरकार ने सारे रिकॉर्ड भ्रष्टाचार के तोड़ दिए हैं। अब उत्तर प्रदेश में माहौल पूरी तरह से बनता जा रहा है। हम सब लोगों की जिम्मेदारी है कि इस सरकार को बहुत जल्दी हटा देना है। इस तैयारी के साथ पार्टी नेता और कार्यकर्ता आने वाले 2027 चुनाव में जुट जाएं ताकि बीजेपी को यूपी की सत्ता से बाहर करने में सफल हों सके।

दिल्ली टेम्पो टैक्सी ट्रेड यूनियन कांग्रेस के रवि राठौर मंच से बोले कि भाजपा सरकार में ड्राइवर्स की बहुत दुर्दशा है। उन्होंने बढ़ते रोड टैक्स का मामला सपा प्रमुख के सामने उठाया। इस दौरान इंडियन फेडरेशन ऑफ ऐप-बेस्ड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स के लोग भी प्रेसवार्ता में मौजूद रहे।

इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की उपस्थिति में संतकबीर नगर से कांग्रेस पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रहे राहुल पांडेय सपा का दामन थामते हुए साइकिल पर सवार हो गए। वहीं पूर्व डीआईजी राम शरत राम, प्रगति शील शिक्षक संघ के पदाधिकारी एवं काफी संख्या में आए लोग सपा में शामिल हुए।

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता राजेन्द्र चौधरी, विधान परिषद में सपा के दल नेता लालबिहारी यादव प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल समेत पार्टी नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा