home page

रायबरेली में अखिलेश के पीडीए रथ का 'ट्रायल रन'

 | 
रायबरेली में अखिलेश के पीडीए रथ का 'ट्रायल रन'


रायबरेली, 23 सितंबर (हि. स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली आएंगे। वह समाजवादी पीडीए रथ से रायबरेली पहुंचेंगें। रायबरेली से अखिलेश की रथ यात्रा का 'ट्रॉयल रन' होगा। इसे 2027 के चुनाव को लेकर सपा के चुनावी अभियान की शुरूआत माना जा रहा है, वहीं कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन की चर्चा के बीच अखिलेश का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है।

पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ से कार द्वारा रायबरेली के लिए प्रस्थान करेंगें। बछरावां विधानसभा की सीमा पर वह समाजवादी पीडीए रथ पर सवार होकर हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से होते हुए रायबरेली में हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के यहां चाय पिएंगे।इसके बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगें। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में अखिलेश की एक जनसभा प्रस्तावित है। हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी का कहना है अखिलेश यादव का यह कार्यक्रम बीते दिनों सपा छात्र सभा व एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प व उसके बाद हुई पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में है। वह रायबरेली में कार्यकर्ताओं को संदेश देंगे कि पार्टी नेतृत्व हर संघर्ष में उनके साथ है। समाजवादी पीडीए रथ यात्रा का यह 'ट्रायल रन' होगा, जिसकी औपचारिक शुरुआत अक्टूबर में होनी है। कांग्रेस गठबंधन की बात पर विधायक का कहना है कि सपा प्रमुख के रायबरेली आगमन का इससे कोई मतलब नहीं है।

उल्लेखनीय है कि रायबरेली लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली पांच विधानसभा सीटों में से तीन पर सपा के विधायक हैं। इनमें बछरावां, हरचंदपुर और सरेनी शामिल हैं। बाकी दो सीटें रायबरेली और ऊंचाहार भाजपा के पास हैं। 2022 में ऊंचाहार से सपा के ही टिकट पर विजयी मनोज पांडे अब भाजपा में शामिल होकर मंत्री हैं। रायबरेली लोकसभा सीट पर राहुल गांधी भले सांसद हों लेकिन विधानसभाओं में सपा बहुत मजबूत रही है। 2022 के चुनाव में कुल पांच सीटों में चार पर सपा का कब्जा रहा है।

रायबरेली में कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत में सपा रायबरेली की विधानसभा सीटों में बड़ी हिस्सेदारी का दावा कर सकती है। इसके लिए पार्टी अपने विधायकों की संख्या को आधार बना सकती है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी का कहना है कि सपा व कांग्रेस मिलकर इस चुनाव में भाजपा को हराएंगे। सीटों को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व चर्चा करेगा। दोनों दलों के कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी से जमीन पर सरकार के ख़िलाफ़ अभियान चला रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे