home page

महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर 2027 में जनता देगी जवाब : अजय राय

 | 
महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर 2027 में जनता देगी जवाब : अजय राय


मीरजापुर, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार को कछवां क्षेत्र के बरैनी गांव पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है, जबकि सरकार केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित होकर रह गई है।

अजय राय ने कहा कि किसान अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं पा रहे हैं, नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं और गरीब लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल बड़े-बड़े कार्यक्रमों और प्रचार पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है और महिलाओं व दलितों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार को जवाब देगी और बदलाव का रास्ता चुनेगी।

इस अवसर पर अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल, वाराणसी के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे, प्रदेश प्रवक्ता मिन्हाज अहमद, शकील अहमद, इश्तियाक अंसारी, आनंद त्रिपाठी, इब्राहिम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा