home page

वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो के लिए पुलिस आयुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण

 | 
वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो के लिए पुलिस आयुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण


वाराणसी, 24 सितम्बर(हि. स.)। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आगामी 22, 23 एवं 25 अक्टूबर को वाराणसी में प्रस्तावित भारत के सबसे बड़े एयर शो के दृष्टिगत नमो घाट, राजघाट एवं भैसासुर घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर पैदल भ्रमण कर आमजन के आवागमन मार्ग, प्रवेश एवं निकास प्वाइंट, संभावित भीड़ के दबाव वाले स्थानों, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।

एयर शो में लगभग 30 लाख लोगों की संभावित भीड़ के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को व्यापक भीड़ प्रबंधन योजना तैयार करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया एवं वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने के निर्देश दिए। नमो घाट के आसपास पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा वाहनों के अव्यवस्थित खड़े होने से यातायात प्रभावित न होने देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सीसीटीवी, ड्रोन एवं अन्य तकनीकी संसाधनों से सतत निगरानी, आपातकालीन मार्ग एवं इमरजेंसी एग्जिट को सुचारु रखने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने एयर शो से पूर्व व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा, मॉक ड्रिल तथा संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित सम्बन्धित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित

रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद