home page

अदवा नदी का रपटा टूटने से ग्रामीण और श्रद्धालु परेशान

 | 
अदवा नदी का रपटा टूटने से ग्रामीण और श्रद्धालु परेशान


मीरजापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हलिया विकास खंड के प्रसिद्ध कोटार शिवधाम के पास अदवा नदी पर बना रपटा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया है। रपटे के बीच का हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो गया है। सीमेंट और गिट्टी उखड़ने से बड़े-बड़े पत्थर बाहर निकल आए हैं, जिससे इस मार्ग से आवागमन में ग्रामीणों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।

यह रपटा क्षेत्र के दर्जनों गांवों को हलिया बाजार और कोटार शिवधाम से जोड़ता है।

रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। तेरस के दौरान शिवधाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है और इसी मार्ग से हजारों लोग पहुंचते हैं। रपटा क्षतिग्रस्त होने से हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दौरान अदवा नदी का पानी रपटे के ऊपर से बहने के कारण इसका हिस्सा और क्षतिग्रस्त हो गया है। कई बार शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। शुक्रवार को पीस कमेटी की बैठक में शिवराम गिरि, जयराम गिरि, मंदिर के पुजारी और ग्रामीणों ने एसडीएम अजीत कुमार से रपटे की मरम्मत कराने की मांग की थी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से संबंधित विभाग को निर्देश देकर रपटे की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा