home page

शाकाहार अपनाकर नशे से दूर रहें, अच्छे समाज के निर्माण में सहयोग करें : पंकज महाराज

 | 
शाकाहार अपनाकर नशे से दूर रहें, अच्छे समाज के निर्माण में सहयोग करें : पंकज महाराज


मीरजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज शनिवार को शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध एवं आध्यात्मिक-वैचारिक जनजागरण यात्रा के 16वें पड़ाव पर जिगना क्षेत्र के कोलाही बजहां गांव पहुंचे। यहां आयोजित सत्संग सभा में उन्होंने जनसमुदाय को शाकाहार अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

संत पंकज जी महाराज ने कहा कि जिस प्रकार विद्यालयों में ज्ञान की शिक्षा दी जाती है, उसी प्रकार अध्यात्म और रूहानियत की शिक्षा संत-महात्माओं के सत्संग से मिलती है। उन्होंने कहा कि हवा और पानी का कोई बंटवारा नहीं है, उसी तरह भगवान का भी कोई बंटवारा नहीं है। परमात्मा ने सभी मनुष्यों को समान बनाया है। सत्गुरु की प्राप्ति जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। सत्गुरु मिलने पर सुरत-शब्द योग (नाम-योग) साधना की युक्ति प्राप्त होती है।

उन्होंने ‘जैसा खाये अन्न, वैसा होये मन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव शाकाहारी प्राणी है, लेकिन अपनी बुद्धि और शक्ति का इस्तेमाल पशु-पक्षियों की हिंसा में करता है। इससे समाज में हिंसा की प्रवृत्ति बढ़ती है और सामाजिक वातावरण बिगड़ता है। इसलिए शाकाहार अपनाने के साथ शराब और अन्य नशीले पदार्थों का त्याग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अच्छे समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। सत्संग में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, मोती लाल सिंह, ग्राम प्रशासक विनोद यादव, सूर्यमणि यादव, बड़कू पाल आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा