home page

प्रभु प्राप्ति का लक्ष्य बनाएं, शाकाहार और नशामुक्ति अपनाएं: संत पंकज महाराज

 | 
प्रभु प्राप्ति का लक्ष्य बनाएं, शाकाहार और नशामुक्ति अपनाएं: संत पंकज महाराज


मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। बाबा जयगुरुदेव महाराज के जनकल्याणकारी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उनके उत्तराधिकारी संत पंकज महाराज ने रविवार को जनजागरण यात्रा के साथ कछवा रोड स्टेशन के सामने ग्राम भैंसा स्थित मैदान में 73वां पड़ाव किया। इस दौरान आयोजित सत्संग में उन्होंने धर्म, प्रेम, दया, शाकाहार और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।

संत पंकज महाराज ने कहा कि वर्तमान समय बहुत नाजुक दौर से गुजर रहा है। मनुष्य धर्म के मार्ग से भटककर भौतिक सुख-सुविधाओं और वासनाओं में लिप्त होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत-महात्मा मानव समाज को संकट से बचाने के लिए निरंतर प्रयास करते हैं। उनका उद्देश्य लोगों को धर्म-कर्म, प्रेम, दया और एकता का संदेश देना तथा प्रभु प्राप्ति का मार्ग बताना है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का मुख्य उद्देश्य जीते जी परमात्मा को प्राप्त करना है। परमात्मा की प्राप्ति सुरत-शब्द योग यानी नाम योग की साधना से संभव है। इसके लिए समर्थ संत सतगुरु से मार्गदर्शन प्राप्त करना जरूरी है। मानव शरीर को परमात्मा का बनाया हुआ सच्चा ईश्वरीय मंदिर बताते हुए उन्होंने सुमिरन, ध्यान और भजन की विधियों को विस्तार से समझाया।

महाराज ने कहा कि लोक-परलोक के कल्याण और प्रभु प्राप्ति के लिए शाकाहारी, नशामुक्त और मानवतावादी जीवन अपनाना आवश्यक है। उनके अनुसार शाकाहार से संयम, धैर्य, प्रेम, दया, करुणा और अहिंसा जैसे गुणों का विकास होता है, जबकि मांसाहार अनेक बीमारियों और विकृत भावनाओं का कारण बनता है। उन्होंने लोगों से खानपान और जीवनशैली में शुद्धता अपनाने की अपील की।

सत्संग में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोती लाल सिंह, ऋषिलाल सिंह, अमरनाथ बड़े बाबू, रामतीरथ, विद्यालय प्रबंधक विपिन सिंह, सूर्यबली यादव, पप्पू दुबे वकील सहित वाराणसी की संगत के बेचू प्रसाद गुप्ता, बांके लाल, राजेश चौबे, दिनेश गुप्ता, अजीत यादव और लालचंद प्रसाद मौजूद रहे। आयोजन में अशोक चौबे और विनोद सिंह का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में पुलिस-प्रशासन ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा