home page

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां

 | 
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां


मीरजापुर, 07 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आठ जुलाई को प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग और बैरिकेडिंग की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा महत्वपूर्ण है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा वीआईपी रूट, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के पुराने एवं प्रस्तावित कार्यों की मंडलीय समीक्षा भी करेंगे। इसे देखते हुए संबंधित विभागों को सभी अभिलेख, प्रगति रिपोर्ट और प्रस्तुतीकरण अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा