home page

स्वास्थ्य सेवाओं पर जिलाधिकारी की कड़ी नजर, बैठक में हर हाल में लक्ष्य पूरा करने के दिये निर्देश

 | 
स्वास्थ्य सेवाओं पर जिलाधिकारी की कड़ी नजर, बैठक में हर हाल में लक्ष्य पूरा करने के दिये निर्देश


मीरजापुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं जिला आयुष समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आशा व एएनएम के माध्यम से गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और लंबित पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता पर बनवाने के निर्देश दिये। साथ ही सभी सीएचसी और पीएचसी पर डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को समयबद्ध व बेहतर इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ विशाल कुमार, सीएमओ डॉ. सी.एल. वर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा