home page

तेज रफ्तार कार की चपेट में आईं दो महिलाएं, एक की मौत व दूसरी गंभीर

 | 
तेज रफ्तार कार की चपेट में आईं दो महिलाएं, एक की मौत व दूसरी गंभीर


मीरजापुर, 30 मार्च (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के चील्ह गांव में सोमवार शाम दर्दनाक हादसे में बकरी चरा रही दो महिलाएं तेज रफ्तार अर्टिगा कार की चपेट में आ गईं। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

सोमवार शाम करीब छह बजे मुबारक अली की बारात से लौटकर अर्टिगा कार चालक बारातियों को उतारने के बाद वापस जा रही थी। इसी दौरान चील्ह गांव में सड़क किनारे बैठकर बकरी चरा रहीं विद्या देवी (55) पत्नी लालचंद्र कनौजिया और शिवराती देवी (45) पत्नी रामजी निषाद को कार ने टक्कर मार दी।

हादसे में विद्या देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवराती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। घायल महिला को परिजन तत्काल निजी वाहन से शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बताया गया कि मृतका विद्या देवी के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के संबंध में चील्ह थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अर्टिगा कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा