ट्रक-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
मीरजापुर, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र के पंवारी कलां प्लांटेशन पुल के पास शुक्रवार को ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बंजारी कलां गांव निवासी रामश्रृंगार वर्मा (25) अपने भाई नेता (20) और पड़ोसी बबुलेश कोल (20) के साथ बाइक से गड़बड़ा पुल की ओर गए थे। लौटते समय पंवारी कलां प्लांटेशन पुल के पास सिकटा साधन सहकारी समिति से खाद उतारकर मीरजापुर की ओर जा रहे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद रामश्रृंगार ट्रक के पहिए के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने ग्रामीणों की मदद से घायल नेता और बबुलेश को एंबुलेंस से पीएचसी हलिया पहुंचाया, जहां चिकित्सक विमल कुमार ने बबुलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नेता को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। दोनों मृतक अविवाहित थे। रामश्रृंगार छह भाइयों में चौथे और बबुलेश सबसे छोटे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

