home page

तीन की मौत के मामले में ट्रक चालक गिरफ्तार, जेल

 | 
तीन की मौत के मामले में ट्रक चालक गिरफ्तार, जेल


मीरजापुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। अहरौरा जमुई रोड पर रोशनहर गांव के पास हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित ट्रक चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर लिखनिया दरी मोड़ के पास से आरोपित चालक योगेंद्र सिंह (32) निवासी करमहरी, जिला कैमूर (बिहार) को गिरफ्तार किया गया। विवेचक राममूर्ति यादव ने बताया कि चालक घटना के बाद फरार होकर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में चालक ने बताया कि वह सोनपुर स्थित क्रशर प्लांट से गिट्टी लादकर आ रहा था। रोशनहर गांव के पास अचानक बाइक सामने आ जाने से हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। इधर, घटना के दूसरे दिन क्षेत्रीय विधायक रमाशंकर सिंह पटेल मृतक के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजन को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा