कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी में सोमवार शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नारीबारी गांव निवासी 45 वर्षीय पवन तिवारी, देहात कोतवाली क्षेत्र के नुआंव गांव निवासी 60 वर्षीय बबलू दुबे के साथ बाइक से मध्य प्रदेश गए थे। लौटते समय ड्रमंडगंज घाटी में जालिम मोड़ और बड़का मोड़ के बीच पीछे से आ रहे कंटेनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कंटेनर में फंसकर करीब दाे साै मीटर तक घिसटती चली गई।
सूचना मिलते ही एसआई पुनीत गुप्ता, एसआई सुभाष यादव और ईश्वर चंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजा, जहां चिकित्सकों ने पवन तिवारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बबलू दुबे को प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर आगे सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गया।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

