home page

हाईवा की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत

 | 
हाईवा की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत


मीरजापुर, 01 मई (हि.स.)। अदलहाट बाजार के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग स्थित शर्मा रोड त्रिमुहानी पर शुक्रवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से साइकिल सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई।

पौनी बैरियर गांव निवासी कमला प्रसाद पटेल (पुत्र स्व. मेवालाल) अहरौरा थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव में अपने ससुराल में रहते थे। वह साइकिल से अपनी बहन के घर रसूलपुर जा रहे थे। जैसे ही वह शर्मा रोड तिराहे पर पहुंचे, सोनभद्र से वाराणसी की ओर जा रही तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाईवा को कब्जे में ले लिया। मृतक के परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी अदलहाट अजय कुमार सेठ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा