सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर राजगढ़ थाना क्षेत्र के कोन भरूहवा गांव निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान गुरूवार सुबह मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोन भरूहवा गांव निवासी विवेक कुमार (24) बुधवार को अपने चचेरे भाई अभिषेक और रिश्तेदार बिमलेश के साथ बाइक से चुनार क्षेत्र स्थित रिश्तेदारी में गया था। बताया गया कि अदलपुरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बुधवार रात परिजन उसे घर वापस ले आए। गुरुवार सुबह अचानक हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक विवेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी लगभग एक वर्ष पहले हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

