डीसीएम की टक्कर से चचेरी बहनों की मौत, चाचा घायल
मीरजापुर, 25 जून (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर चौराहे के पास गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरी बहनों की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके चाचा घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के लक्षापट्टी केवट पुरवा निवासी भोलानाथ (44) पुत्र भरतलाल अपनी भतीजी संगीता (19) पुत्री लल्लूराम तथा भतीजी अमृता (3) पुत्री शिवबली को बाइक से लेकर शक्तेशगढ़ दवा कराने जा रहे थे। संगीता के गले में फोड़ा होने के कारण उसका उपचार कराने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान डगमगपुर चौराहे के पास चुनार की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एपेक्स अस्पताल चुनार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने संगीता और अमृता को मृत घोषित कर दिया। वहीं भोलानाथ को मामूली चोटें आई हैं।
बताया गया कि अमृता अपने चाचा के साथ जाने की जिद कर रही थी, जिसके चलते वह भी बाइक पर सवार होकर चली गई थी। संगीता अपने दो भाइयों की इकलौती बहन थी, जबकि अमृता अपने माता-पिता शिवबली और जयराजी देवी की एकमात्र संतान थी। दोनों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पड़री पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर पर डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

