home page

मीरजापुर : यूपीएससी में चयन के बाद गांव पहुंचीं भूवैज्ञानिक आस्था, ग्रामीणों ने किया स्वागत

 | 
मीरजापुर : यूपीएससी में चयन के बाद गांव पहुंचीं भूवैज्ञानिक आस्था, ग्रामीणों ने किया स्वागत


मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर भूवैज्ञानिक पद पर चयनित जिगना क्षेत्र के बारी गांव की बेटी आस्था सिंह का रविवार को पैतृक गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। जिले की पश्चिमी सीमा पर पाली गांव के सामने मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर सैकड़ों लोग उनकी अगवानी के लिए पहुंचे। फूल-मालाओं से लादकर बेटी का अभिनंदन किया गया।

स्वागत से अभिभूत आस्था सिंह ने बताया कि चार प्रयासों में असफलता मिलने के बाद भी उन्होंने मेहनत और धैर्य नहीं छोड़ा। शादी के बाद भी पति और परिवार का लगातार सहयोग व उत्साहवर्धन मिलता रहा। बीएचयू से भू-विज्ञान में स्नातकोत्तर आस्था की इस उपलब्धि पर परिवार और गांव के लोगों ने खुशी जताई।

पिता अमित सिंह और मां मीरा सिंह ने लोगों का मुंह मीठा कराया। युवाओं ने कहा कि आस्था की सफलता उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देगी।

स्वागत करने वालों में ग्राम प्रशासक सुरेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान राम सिंह, अमर बहादुर सिंह, पंच बहादुर सिंह, विनय सिंह, अनूप उपाध्याय, गोपाल जायसवाल और मानवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा