home page

मीरजापुर: समाधान समारोह 2026 के तहत 21 से 23 अगस्त तक लगेगी विशेष लोक अदालत

 | 
मीरजापुर: समाधान समारोह 2026 के तहत 21 से 23 अगस्त तक लगेगी विशेष लोक अदालत


मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। आमजन को सरल, सुलभ और सौहार्दपूर्ण तरीके से न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशन में ‘समाधान समारोह 2026’ के अंतर्गत देशव्यापी विशेष लोक अदालत अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में मीरजापुर में 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा, जिसमें समझौते योग्य मामलों के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आनंद कुमार ने गुरुवार को बताया कि जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार के निर्देशन में आयोजित इस विशेष लोक अदालत का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुलभ और जनहितकारी बनाना है। इसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों को शामिल किया जाएगा, जिनमें आपसी सहमति और समझौते की संभावना हो।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल वादों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता और सहज न्याय उपलब्ध कराना भी है। इससे लोगों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।

सचिव ने बताया कि विशेष लोक अदालत में वाद प्रस्तुत करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल प्रपत्र भरना अनिवार्य होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा