home page

गाय की लात से पशुपालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 | 
गाय की लात से पशुपालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम


मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के खुटारी गांव में बुधवार देर शाम 58 वर्षीय पशुपालक की मौत हो गई। गाय को दुहते समय अचानक लात लगने से वह अचेत होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी जान चली गई। गुरूवार काे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

खुटारी गांव निवासी पप्पू रोज की तरह अपनी गाय का दूध निकाल रहे थे। इसी दौरान गाय ने अचानक लात मार दी, जो सीधे उनके संवेदनशील अंग पर लगी। गंभीर चोट लगने से वह वहीं गिर पड़े। परिजन जब तक उन्हें संभाल पाते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन करता था।

गुरुवार को सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मड़िहान थाने लाई। प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा