home page

मां विंध्यवासिनी के चरणों में उमड़ी श्रद्धा, दो दानपात्रों से निकले 9.17 लाख रुपये

 | 
मां विंध्यवासिनी के चरणों में उमड़ी श्रद्धा, दो दानपात्रों से निकले 9.17 लाख रुपये


- दो दिनों में खोले गए कुल 13 दानपात्रों से 27 लाख 45 हजार 489 रुपये की प्राप्त हुई धनराशि

मीरजापुर, 11 जून (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं की आस्था एक बार फिर दानपात्रों में दिखाई दी। गुरुवार को मंदिर परिसर में स्थापित दो दानपात्र खोले गए, जिनमें से 9 लाख 17 हजार 966 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई। दानराशि की गणना पूरी होने के बाद राशि को भारतीय स्टेट बैंक की विंध्याचल शाखा में विंध्य विकास परिषद के खाते में जमा कराया गया।

नायब तहसीलदार गरिमा यादव की देखरेख में दानपात्रों को खोला गया। इसके बाद मंदिर की छत पर स्थित श्री विंध्य पंडा समाज कार्यालय में पुलिस सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में नोटों और सिक्कों की गिनती की गई। घंटों चली इस प्रक्रिया में राजस्व कर्मियों ने सावधानीपूर्वक दानराशि का मिलान किया।

विशेष बात यह रही कि पिछले दो दिनों में खोले गए कुल 13 दानपात्रों से 27 लाख 45 हजार 489 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। यह आंकड़ा मां विंध्यवासिनी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाता है। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले भक्त मां के दरबार में माथा टेकने के साथ अपनी श्रद्धा अनुसार दान भी अर्पित कर रहे हैं।

दानराशि की गणना के दौरान राजस्व कर्मी सूरज सोनकर, विजय शंकर दुबे, हरेंद्र दुबे, अनिल सोनकर, राकेश सोनकर, महेश सोनकर, चंद्रमणि तिवारी, शिव चौरसिया, घनश्याम पांडे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा