home page

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने मंदिरों में किया भजन-कीर्तन, प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना

 | 
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने मंदिरों में किया भजन-कीर्तन, प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना


मीरजापुर, 10 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को जिले के सभी 24 मंडलों में एक-एक मंदिर पर भव्य भजन-कीर्तन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अब तक के सबसे लंबे कार्यकाल का नया कीर्तिमान स्थापित करने तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। भजन-कीर्तन के माध्यम से देश की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति के लिए भी प्रार्थना की गई।

जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होकर नया इतिहास रच रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा और वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश को नई दिशा और गति प्रदान की है।

पूजन-अर्चन के उपरांत मंदिर परिसरों में मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने भी राष्ट्र की उन्नति, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की तथा प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल प्रभारी, बूथ अध्यक्ष तथा पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा