देवरिया में यातायात नियमाें का उल्लंघन करने वाले 118 वाहनों का ई-चालान
देवरिया, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस ने मंगलवार काे सघन चेकिंग अभियान चलाया । इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 118 वाहनों का ई-चालान किया गया है। दो वाहनों के सीज की कार्रवाई की गई है।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में संचालित हुआ। टीम ने शहर के प्रमुख स्थानों, बस स्टैंड, गोरखपुर ओवरब्रिज, मालवीय रोड, कसया ओवरब्रिज और इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप (पुरवा) क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के साथ-साथ बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना फिटनेस वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बिना हेलमेट चलने वाले और तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वालों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई। साथ ही थाना गौरीबाजार क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थानों पर साइनेज बोर्ड भी लगवाए गए, ताकि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

