home page

बिना पंजीकरण चल रहे अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर होंगे बंद : जिलाधिकारी

 | 
बिना पंजीकरण चल रहे अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर होंगे बंद : जिलाधिकारी


बिना पंजीकरण चल रहे अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर होंगे बंद : जिलाधिकारी


जौनपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जननी शिशु सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी एम्बुलेंस में उपलब्ध सुविधाओं और निर्धारित मानकों से संबंधित जानकारी के स्टीकर चस्पा कराने को कहा। लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस को पूरी तरह क्रियाशील रखने और उनमें सभी जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

टीबी मरीजों के उपचार और देखभाल की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मरीजों को मास्क के उपयोग, आवश्यक सावधानियों और उपचार की जानकारी देने तथा लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

सर्पदंश की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्पदंश के मरीजों का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए। अधिक मामले वाले गांवों में ग्राम प्रधानों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने और पर्चे वितरित कराने को कहा।

बैठक में डेंगू मरीजों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों में उपचार के साथ निरोधात्मक और जागरूकता गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। आरोग्य मेलों को निर्धारित समय और मानकों के अनुरूप आयोजित कराने को कहा।जिलाधिकारी ने बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों और अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें बंद कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, सभी एमओआईसी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव