home page

एकजुटता और निरंतर कर्म से लक्ष्य की प्राप्ति : कुलपति

 | 
एकजुटता और निरंतर कर्म से लक्ष्य की प्राप्ति : कुलपति


जौनपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के श्रीनिवास रामानुजन अनुसंधान भवन छात्रावास में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दही-हांडी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

कुलपति ने कहा कि दही-हांडी फोड़ने के लिए पूरी टीम की एकजुटता, सहयोग और समन्वय जरूरी है। इसी प्रकार जीवन में भी मिलकर प्रयास करने से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, एकजुटता और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का वर्तमान कर्म पढ़ाई, ज्ञानार्जन और व्यक्तित्व विकास है। उन्हें फल की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्म पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। इसका सदुपयोग करते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं, योग्य शिक्षक, प्रयोगशालाएं और अध्ययन-अनुसंधान के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहा है। विद्यार्थियों को इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग कर अपने भविष्य को बेहतर बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी सफलता के साथ विश्वविद्यालय का नाम भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, चीफ वार्डन प्रो. अविनाश, छात्रावास वार्डन डॉ. सुशील कुमार सहित शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने दही-हांडी के साथ भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव