home page

गंगा की अविरलता के लिए सरकार प्रतिबद्ध: राजभूषण चौधरी

 | 
गंगा की अविरलता के लिए सरकार प्रतिबद्ध: राजभूषण चौधरी


प्रयागराज, 17 जून (हि.स)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होने प्रयागराज पहुंचे केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने बालसन चौराहा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति की साफ सफाई व वृक्षारोपण से कार्यक्रम की शुरुआत की।

केंद्रीय मंत्री ने मूर्ति की सफाई व वृक्षारोपण करते हुए लोगों को पर्यावर्षण संरक्षण के प्रति सजगता का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित 10 स्वच्छता कर्मियों को अंगवस्त्र पहनाकर व फल देकर उन्हें सम्मानित भी किया गया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री प्रगति पथ यात्रा कार्यक्रम के तहत दारागंज स्थित ऐतिहासिक धार्मिक प्राचीन दशाश्वमेध घाट पहुंचे जहां उन्होंने महाकुंभ 2025 के दौरान किये सौन्दर्यीकरण को देखा और घाट पर गंगा जी का आचमन किया। घाट से अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति तक पद यात्रा भी की गई। जहां पुण्य श्लोका (अहिल्याबाई होल्कर) की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद प्रगति पथ यात्रा का समापन हुआ।

इस दौरान मीडिया से औपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गंगा की अविरलता के लिए प्रतिबद्ध है और इसीलिए जलशक्ति मंत्रालय की ओर से नमामि गंगे परियोजना शुरू की गई जिसका इम्पैक्ट(प्रभाव) आज दिख भी रहा है। नमामि गंगे के तहत लगातार काम किया जा रहा है। नदियों की सफाई के लिए सरकार की ओर से कई कार्य किये गये हैं। डॉल्फ़िन, मछलियों की संख्या बढ़ी है जो दर्शाता है कि गंगा जी के जल की गुणवत्ता सुधरी है। अलग अलग जांचों में भी ये बात सामने आई है कि गंगा जी का जल साफ हुआ है। गंगा जी का पानी अविरल है। नालों को बंद कर उनका शोधन किया जा रहा है। उन्होंने कि 12 वर्षों में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है। जल संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता आई है। आने वाली पीढ़ी के लिए जल संरक्षण बहुत आवश्यक है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मीडिया प्रभारी ने बताया कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी का भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महापौर गणेश केसरवानी ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत अभिनंदन किया। शशि वार्ष्णेय, अनिल केशरवानी, रमेश पासी, आनंद सोनकर, कुंज बिहारी मिश्रा, अनुज कुशवाहा, पार्षद आशीष द्विवेदी, विक्रमजीत भदौरिया, विजय श्रीवास्तव, राघवेंद्र कुशवाहा, अजय आनंद, अनामिका चौधरी, पार्षद अनुपमा पांडेय, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, अरुण पटेल, दीप द्विवेदी, गणेश वर्मा, अतुल मेहरोत्रा, अमन शर्मा आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र